रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स
हिट एंड रन योजना-2022 अंतर्गत 68 परिवारों को 61 लाख रूपये की राहत राशि प्रदान की
पीएम राहत योजना-2026 अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल 200 से ज्यादा नागरिकों का नि:शुल्क उपचार हुआ
राहवीर योजना अंतर्गत गोल्डन ऑवर में घायलों की मदद करने वाले 03 राहवीरों का सम्मान कर प्रशंसा-पत्र एवं 25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी
योजनों में सराहनीय कार्य कर संबंधितों को योजना का लाभ दिलाने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को भी किया सम्मानित
देवास, 25 मई 2026/ कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में राहवीर योजना के अंतर्गत गोल्डन ऑवर में घायलों की मदद कर अस्पताल में घायलों पहुंचाने वालें नागरिकों को सम्मानित कर प्रशंसा पत्र एवं 25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी तथा पीएम राहत योजना-2026 और हिट एंड रन योजना अंतर्गत राहत राशि वितरित की।
कार्यक्रम में राहवीर योजना अंतर्गत गोल्डन ऑवर में घायलों की मदद करने वाले 03 राहवीरों का सम्मान कर प्रशंसा-पत्र एवं 25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इस दौरान बताया गया कि राज्य स्तर से राहवीर योजना अंतर्गत एक ओर प्रकरण स्वीकृत हो गया है, जिससे जिले में राहवीर योजना में अब 04 प्ररकण स्वीकृत हो गये है जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। राहवीर प्रकरणों की स्वीकृति में देवास प्रदेश में प्रथम है।
कार्यक्रम में बताया गया कि पीएम राहत योजना-2026 अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल 200 से ज्यादा नागरिकों का नि:शुल्क उपचार हुआ है। पीएम राहत योजना के तहत 166 घायल नि:शुल्क उपचार उपरांत स्वस्थ होकर घर लौटे है। हिट एंड रन योजना-2022 अंतर्गत 68 परिवारों को 61 लाख रूपये की राहत राशि प्रदान की गई। जिसमें 18 मृतक व्यक्तियों के परिजनों को 36 लाख रूपये एवं 50 घालय व्यक्तियों को 25 लाख रूपये की राहत राशि दी गई।
कार्यक्रम में परिजनों ने अपनी आपबीती साझा की। परिजनों ने भावुक होते हुए उस कठिन समय को याद किया। उन्होंने बताया कि अचानक हुई अनहोनी ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया था। परिजनों ने योजना से मिली आर्थिक मदद मिलने पर सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राहवीर योजना, पीएम राहत योजना और हिट एंड रन योजना के तहत सराहनीय कार्य करने तथा संबंधितों योजना का लाभ दिलाने में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने कहा कि देवास के लिए आज महत्वपूर्ण दिन है। आरटीओ, पुलिस और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से आज राहवीर योजना के तहत राहवीरों को सम्मानित किया जा रहा है तथा पीएम राहत योजना और हिट एंड रन योजना के तहत राहत राशि वितरित की जा रही है। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे है। संयुक्त रूप से किये जा रहे प्रयासों के शानदार परिणाम सामने आए हैं। पिछले एक साल से हर माह हो रही सड़क सुरक्षा बैठकों और बैठकों में लिए गए निर्णयों से जिले में सड़क हादसों में 25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने कहा कि आरटीओ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बेहतर समन्वय से जिले में अच्छा कार्य किया गया है। राहवीर योजना, पीएम राहत योजना और हिट एंड रन योजना के तहत सराहनीय कार्य करते हुए संबंधितों को लाभ दिलाया जा रहा है। जिले में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस प्रयास किये जा रहे है। माह में दो बार सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। राह-वीर' योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित कर उन्हें सम्मानित करना है। सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को दुर्घटना के महत्वपूर्ण एक घंटे के भीतर ('गोल्डन ऑवर') अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार व्यक्ति को 25 हजार की नकद राशि और एक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। उन्होंन इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की बात भी कहीं जिससे सभी नागरिक इन योजनाओं से अवगत हो सकें।
हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना (2022)
भारत सरकार की हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना (2022) के तहत अज्ञात वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों और उनके परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यदि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान जाँच के बाद भी नहीं हो पाती है, तो मृत्यु होने पर पीड़ित के कानूनी वारिस या परिवार को 02 लाख रुपए की अनुग्रह राशि मिलती है। गंभीर रूप से घायल होने पर पीड़ित व्यक्ति को 50 हजार का मुआवजा दिया जाता है।
राहवीर योजना
राहवीर योजना मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई एक अनूठी पहल हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना और उन्हें सम्मानित करना है। सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को दुर्घटना के महत्वपूर्ण एक घंटे के भीतर ('गोल्डन ऑवर') अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार व्यक्ति को 25 हजार की नकद राशि और एक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। मदद करने वाले 'राह-वीर' को पुलिस या अस्पताल प्रशासन द्वारा जबरन पूछताछ या गवाही के लिए परेशान नहीं किया जाता।
पीएम राहत योजना
‘‘पीएम राहत योजना‘‘ अन्तर्गत किसी भी श्रेणी की सड़क पर हुई दुर्घटना के प्रत्येक पात्र पीड़ित को दुर्घटना की तिथि से 7 दिनों की अवधि तक प्रति व्यक्ति 01 लाख 50 हजार रूपये तक का कैशलेस उपचार प्रदान किया जाता है। जीवन को खतरे में नहीं डालने वाले मामलों में अधिकतम 24 घंटे तक तथा जीवन के लिये घातक मामलों में अधिकतम 48 घंटे तक स्टेबलाईजेशन उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा एकीकृत डिजीटल प्रणाली पर पुलिस प्रमाणीकरण के अधीन होगी। ‘‘पीएम राहत योजना‘‘ किसी भी दुर्घटना पीड़ित का वित्तीय अड़चनों के कारण जीवनरक्षक उपचार से वंचित न रहना सुनिश्चित करते हुए सड़क दुर्घटना में पीड़ितों का जीवन बचाने तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।



0 Comments