रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स
देवास। जिस गति के साथ महापौर ने अपने एमजी रोड ड्रीम प्रोजेक्ट की शुरुआत मकान के तोड़फोड़ के साथ की थी, उस ड्रीम प्रोजेक्ट की ओर नगर निगम बहुत ही धीरी चाल से आगे बढ़ रहा है। आज व्यापारियों ने तो अपने मकान-दुकान व्यवस्थित कर लिए हैं, लेकिन नगर निगम उनके ड्रीम प्रोजेक्ट की दिशा में आगे नहीं बढ़ पाया। पहले नाला निर्माण हुआ जिससे पूरे रोड पर अव्यवस्था रही। इसके बाद अब फिर से नाली निर्माण को लेकर खुदाई हो रही है। नगर निगम आज तक विद्युत पोल शिफ्टिंग का काम भी नहीं कर पाया। अगर समय रहते जैसा प्रोजेक्ट में दर्शाया गया है कि सड़क के बीच में विद्युत के पोल लगेंगे वह लग जाते और सड़क का काम भी साथ में शुरू हो जाता तो आज कायाकल्प नजर आता। कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने बताया कि बारिश 15 जून के आस पास शुरू हो जाती है। इस मान से समझ लो एक माह का समय शेष है। अभी नाली निर्माण का काम शुरू किया है जो किसी भी हाल में बारिश के पूर्व पूरा नहीं हो सकता, ना ही महीने भर के अंदर सारे विद्युत पोल शिफ्ट हो सकते हैं। बारिश आते ही पूरे एमजी रोड पर कीचड़ मच जाएगा। अभी जो लोगों का आना-जाना है वह भी दुभर हो जाएगा, व्यापार पूरी तरह प्रभावित होगा।
कांग्रेस की मांग है कि महापौर अपने ड्रीम प्रोजेक्ट की दिशा में त्वरित गति से काम कराते हुए सबसे पहले पोल शिफ्टिंग और सड़क निर्माण का काम शुरू करें जिससे बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ नहीं मचे वहीं नाली निर्माण को लेकर युद्ध स्तर पर पूरी गति के साथ निर्माण कार्य शुरू किया जाए जिससे जून माह के अंदर ही निर्माण पूरा हो सके।
समय रहते त्वरित गति से कार्य प्रारंभ किया जाएगा तो कार्य भी पूरा होगा वहीं लोगों को सुविधा भी मिलेगी अन्यथा परेशानी तो उठाना ही पड़ेगी।


0 Comments