रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स
हथौड़े के माध्यम से निर्माणाधीन आईटीआई भवन की गुणवत्ता को जांचा
अंतर्राष्ट्रीय मापदण्डों के अनुसार सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जाये
नवीन सर्किट हाउस का निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण करने, पार्किंग एवं गार्डन संबंधी निर्देश दिये
देवास। 16 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने देवास शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में निमार्णाधीन सिंथेटिक ट्रेक का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने ट्रैक की गुणवत्ता का निरीक्षण कर निर्देश दिये कि सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण अंतर्राष्ट्रीय मापदण्डों के अनुसार किया जाये। कलेक्टर श्री सिंह ने सिंथेटिक ट्रैक के मध्य बनने वाले फुटबाल ग्राउण्ड के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
वीर सावरकर तरण पुष्कर स्वीमिंग पूल एवं इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने वीर सावरकर तरण पुष्कर स्वीमिंग पूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूल एवं परिसर की स्वच्छता के संबंध में संबंधितों को निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण कर कोर्ट की सराहना करते हुए कहा कि कोर्ट में बडे स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा सकता है, जिससे जिले के खिलाड़ी उभर कर निकलें तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच सकें। इस दौरान उन्होंने बॉस्केट बॉल एवं ओपन जिम का निरीक्षण भी किया। जिसमें उन्होंने ओपन जिम को व्यवस्थित रूप से तैयार करने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने जिला योजना कार्यालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान जिला योजना अधिकारी अर्चना टोकेकर को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
निर्माणाधीन आईटीआई भवन का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माणाधीन आईटीआई भवन का निरीक्षण कर लेआउट के माध्यम से संबंधित इंजीनियरों से निर्माणाधीन आईटीआई भवन की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की लेब रिपोर्ट का अवलोकन किया एवं हथौड़े के माध्यम से भवन की दीवारों की गुणवत्ता की जांच भी की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए एवं अव्यवस्थित बनाई गई दीवार पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसडीओ पीआईयू श्री रूपेश सोलंकी को व्यवस्थित कार्य काराने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने परिसर में ग्रीनलॉन बनाकर कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये।
निर्माणाधीन नवीन सर्किट हाउस का निरीक्षण कर दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माणाधीन नवीन सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी कमरों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण किया जाये। उन्होंने व्यवस्थित पार्किंग एवं सर्किट हाउस सीमा पर "हेजिंग" निर्माण एवं गार्डन बनाने एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने राधानगर में रैनबसेरा के लिए आवांटित जमीन का अवलोकन कर कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिये।


0 Comments