रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स
भाजपा सभी समाज वर्गों को साथ लेकर चलने वाला एक मात्र राजनीतिक दल है
मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के उत्थान के लिए कार्य कर रही
भाजपा को विधानसभा व लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत दिलाने में अजा वर्ग का बड़ा योगदान : श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा ने ही अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण व उत्थान के लिए कार्य किया
सामाजिक समरसता के साथ संविधान का अक्षरशः पालन करने वाली पार्टी भाजपा है : श्री लाल सिंह आर्य
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अजा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री भगवान सिंह परमार को पदभार ग्रहण कराकर प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा देश का एक मात्र राजनीतिक दल है जो सभी समाज वर्गों को साथ लेकर चलने का कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार अजा वर्ग के सर्वांगीण विकास को अभियान बनाकर कार्य कर रही है। वर्ष 2023 और वर्ष 2024 में हुए चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत से चुनाव जिताने में अनुसूचित जाति वर्ग की बड़ी भूमिका रही है। अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि भाजपा देश का एक पहला राजनीतिक दल है, जिसने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण व उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। भाजपा सामाजिक समरसता के साथ बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान का अक्षरशः पालन करने वाली पार्टी है। जातियों और समाजों के नाम पर राजनीति करने वाली पार्टियों ने अजा वर्ग को सिर्फ वोट बैंक समझा है। कार्यक्रम को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, श्री गौतम टेटवाल, मोर्चा के प्रदेश प्रभारी श्री मनोरंजन मिश्रा ने भी संबोधित किया।
*कांग्रेस ने षड्यंत्र करके बाबा साहब डॉ. अंबेडकर को आगे बढ़ने से रोका था - श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश की आजादी के बाद से आज तक के इतिहास में देश में भारतीय जनता पार्टी एकमात्र राजनीतिक दल है, जो सभी समाज वर्गों को साथ लेकर कार्य कर रही है। आजादी के बाद लंबे समय तक समाज के विभिन्न वर्गों विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदाय में यह भ्रांतियां रही कि कांग्रेस ही उनके अधिकारों की संरक्षक है। लेकिन कांग्रेस की नीतियों और सरकारों के कार्यों ने साबित कर दिया कि कांग्रेस अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यक समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है। कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ षड्यंत्र करके उन्हें आगे बढ़ने से रोका था। कांग्रेस ने बाबा साहब को चुनाव हराने का पाप किया। भाजपा की नीतियों और योजनाओं के केंद्र में सबका साथ, सबका विकास की भावना सदैव रही है।
*कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। कांग्रेस ने किसी अन्य समाज के नेतृत्व को स्वीकार ही नहीं किया। स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर और मायावती जैसे नेताओं का कांग्रेस से मोहभंग इसी कारण हुआ था। जबकि भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर कार्य कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल के साथ एक परिवार है। भाजपा में न तो कोई छोटा है न कोई बड़ा, सभी कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं को ही संगठन और सत्ता में समय-समय पर दायित्व मिलता है। भाजपा ने सभी समाज वर्ग को साथ लेकर कार्य किया और सभी का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 4 करोड़ से अधिक आवास बनाए गए। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कभी भी आवासीय योजना के लिए 35 हजार रुपये से अधिक राशि प्रदान नहीं की, जबकि भाजपा ने जरूरतमंदों को वास्तविक लाभ दिया है। बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में जनता द्वारा भाजपा की योजनाओं को मिला व्यापक समर्थन इसका प्रमाण है। भाजपा की विराट विजय में अजा समाज सहित सभी वर्गों की प्रमुख भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आप सरकार की योजनाओं का अवलोकन कर जनता तक सही जानकारी पहुंचाएं और कांग्रेस सहित विपक्ष के दुष्प्रचार का प्रभावी जवाब दें। आप जब भी याद करोगे भाजपा का नेतृत्व आपके बीच सदैव रहेगा।
*भाजपा ने अनुसूचित जाति वर्ग को सशक्त करने का पुण्य कार्य किया है - श्री लाल सिंह आर्य*
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अनुसूचित जाति वर्ग को सशक्त बनाने का पुण्य कार्य किया है। भाजपा ने अजा वर्ग को सत्ता और संगठन में प्रतिनिधित्व देकर समाज को सम्मान दिया है। मध्यप्रदेश का संपूर्ण अनुसूचित जाति वर्ग भाजपा के साथ है। अनुसूचित जाति वर्ग की सभी जातियों के लोगों को मिलकर हमें भाजपा संगठन को और मजबूती देने के लिए कार्य करना है। मध्यप्रदेश का अजा मोर्चा संगठन के कार्यों में इतनी बुलंदियों पर पहुंचे कि देशभर में इतिहास कायम हो जाए। भाजपा ने हम जैसे सामान्य कार्यकर्ताओं को लगातार आगे बढ़ाने का कार्य किया है। अजा मोर्चा के सभी कार्यकर्ता टीम भावना के साथ मोर्चा के कार्यों के साथ पार्टी संगठन को और आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगवान सिंह परमार को जो दायित्व मिला है वह अवसर भी है और चुनौती भी। अवसर है पार्टी संगठन और मोर्चा के कार्यों को आगे बढ़ाने का और चुनौती है पार्टी संगठन द्वारा दिए गए दायित्व को इतनी निष्ठा से निभाने का कि आप पदीय दायित्व में न भी रहें तो आपको आपके कार्यों से याद किया जाए।
पदभार ग्रहण के दौरान मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री कृष्णमुरारी मोघे, श्री पंकज जोशी, श्री सूरज कैरो, श्री प्रताप करोसिया, महापौर श्री मुकेश टेटवाल सहित मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




0 Comments