रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स
नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
देवास, 01 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति, अंतरविभागीय समन्वय तथा विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि शासकीय रास्तों, शासकीय भूमि एवं नालों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के साथ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने जिले में प्रगतिरत नल-जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन नल-जल योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र हैंडओवर करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने ईई पीएचई को योजनावार प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने तथा पिछले एक माह में हुई प्रगति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि योजनाओं की प्रगति में लापरवाही या धीमापन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने जल निगम द्वारा जिले में किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। सभी कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
बैठक में नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में निर्माणाधीन जल संरचनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान क्षिप्रा एवं राजानल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा रोड रेस्टोरेशन संबंधी कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर श्री सिंह ने बागली पेयजल योजना, कांटाफोड़ पेयजल योजना, नेमावर पेयजल योजना, खातेगांव पेयजल योजना सहित नगर परिषद क्षेत्रों में अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माणाधीन जल संरचनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कन्नौद में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत निराकृत किए गए प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निराकरण अभी तक नहीं हुआ है, उनसे संबंधित शिकायतों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी प्रकरण निर्धारित समय-सीमा से बाहर नहीं जाना चाहिए। सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने टीएल प्रकरणों एवं लंबित पत्रों की भी विभागवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।

0 Comments