सांदीपनि विद्यालय सन्नौड़ में 'किताब से कल तक' विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में विधायक, कलेक्टर और एसपी ने विद्यार्थियों को बताई भविष्य की दिशाएं

 रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स 

'विकसित भारत' का संकल्प विद्यार्थियों के सहयोग से ही होगा साकार - विधायक श्री मनोज चौधरी

पुस्तकें ही विद्यार्थियों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाती हैं : कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह

पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने कहा कि आज शासकीय विद्यालय ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं कि अच्छे से अच्छे प्राइवेट स्कूलों से ज्यादा और आधुनिक सुविधाएं सांदीपनि विद्यालयों में प्रदान की जा रही हैं


जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने विद्यार्थी संवाद में जीवन का लक्ष्य तय कर मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करने का दिया संदेश

देवास 04 जुलाई 2026/  हाटपीपल्या विधानसभा के ग्राम सन्नौड़ में स्थित सांदीपनि विद्यालय में विधायक श्री मनोज चौधरी, कलेक्‍टर श्री ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद की उपस्थिति में किताब से कल तक विषय अंतर्गत विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम का आयो‍जन किया गया। विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में विधायक श्री मनोज चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे देवास जिले में सबसे पहले ग्राम सन्नौड़ में सांदीपनि विद्यालय का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। अपने छात्र जीवन का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा, "जब हम छात्र थे, तब इतनी आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण शासकीय स्कूल नहीं हुआ करते थे और न ही हमें सही समय पर मार्गदर्शन देने वाला कोई था। आज शासकीय स्कूलों में आप सभी विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाये मिल रही हैं।"  विधायक श्री चौधरी ने कहा कि आज देश 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने के लिए आगे बढ़ रहा है और यह सपना आज के विद्यार्थियों के सहयोग से ही साकार होगा। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे देश का भविष्य हैं।


कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई ही आपको नीचे से ऊपर तक ले जा सकती है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य के अनुरूप मन लगाकर अध्ययन करना चाहिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि संदीपनी विद्यालय शासन के एक उत्कृष्ट मॉडल के रूप में विकसित हुआ है, जिसका लाभ विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण में मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज हमारे बीच से पढ़कर निकले अनेक विद्यार्थी देश-विदेश की बड़ी-बड़ी कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं। विद्यालय में किया गया अध्ययन ही यह तय करता है कि भविष्य में आप क्या बनना चाहते हैं। यदि आप बेहतर शिक्षा प्राप्त करेंगे तो जीवन में किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।


कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा आपको जो सुविधाएं दी जा रही है, उनका लाभ लेकर अपना भविष्‍य बनाये। देवास जिले में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निरंतर सहयोग प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्‍त करने वाले विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे बेहतर तैयारी कर अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।


विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने कहा कि आज शासकीय विद्यालय ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं कि अच्छे से अच्छे प्राइवेट स्कूलों से ज्यादा और आधुनिक सुविधाएं सांदीपनि विद्यालयों में प्रदान की जा रही हैं। अपने छात्र जीवन को याद करते हुए एसपी श्री गेहलोद ने कहा, "हम भी शासकीय विद्यालय से ही पढ़कर निकले हैं। हमारे समय में इतनी सुविधाएं नहीं हुआ करती थीं। आज ग्रामीण क्षेत्र में इतनी बड़ी और सर्वसुविधायुक्त स्कूल का होना यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार शिक्षा को लेकर कितनी संवेदनशील है।" उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे सरकार की इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं और अपना एक निश्चित लक्ष्य बनाकर सही दिशा में आगे बढ़ें। आपकी जिस भी फील्ड में रुचि और लगन है, उसी में पूरी ईमानदारी से मेहनत करें। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों से निकलकर आज विद्यार्थी देश-दुनिया में नाम रोशन कर रहे हैं, आप भी कड़ी मेहनत से अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएं ताकि आपके पूरे क्षेत्र को आप पर गर्व हो सके।


विद्यार्थियों ने पूछा सफलता का सफर और हॉबी-पढ़ाई का तालमेल


संवाद सत्र के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विधायक श्री मनोज चौधरी से उनके छात्र जीवन,  कलेक्‍टर श्री ऋतुराज सिंह से हॉबी-पढ़ाई को एक साथ कैसे जारी रखा जा सकता है तथा पुलीस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद से सफलता का सफर के संबंध में प्रश्‍न पूछे।  


संवाद सत्र के दौरान जब विद्यार्थियों ने विधायक श्री मनोज चौधरी से उनके छात्र जीवन के अनुभवों के बारे में पूछा, तो उन्होंने पुरानी यादें साझा कीं। विधायक श्री चौधरी ने कहा, "जब हम छात्र जीवन में थे, तब आज की तरह आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण शासकीय स्कूल नहीं हुआ करते थे। आज ग्रामीण क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय के रूप में सुविधाएं आपके पास हैं।


कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह से हॉबी-पढ़ाई को एक साथ कैसे जारी रखा जा सकता है सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसा माध्यम है जो एक साधारण परिवार के बच्चे को भी शीर्ष मुकाम पर पहुँचा सकती है। हॉबी और पढ़ाई दोनों को साथ मैनेज किया जा सकता है, बशर्ते छात्र अपने समय का सही करें।


पुलिस अधीक्षक  श्री पुनीत गेहलोद ने सफलता के सफर के संबंध में पूछे प्रश्न का उत्‍तर देते हुए कहा कि "मैं भी आपकी तरह ही शासकीय विद्यालय से पढ़कर निकला हूँ। हमारे समय में इतनी सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन दृढ़ संकल्प और लगन से हर मंजिल पाई जा सकती है।" उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इतनी भव्य स्कूल का होना सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। छात्र अपनी रुचि के क्षेत्र को पहचानें, पूरी ईमानदारी से लक्ष्य की ओर बढ़ें और शासन की सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करें।

Post a Comment

0 Comments