लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं करने वाले तहसीलदार और अपर तहसीलदारों पर लगाया जुर्माना

रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी को दो वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस जारी करने के दिए निर्देश

बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर जनपद पंचायत सीईओ टोंकखुर्द का 2 दिन का वेतन काटने के निर्देश 

पेयजल से जुड़ी हर शिकायत का तत्काल निराकरण किया जाए

कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित

देवास, 26 मई 2026/ कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रिया चंद्रावत, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।


           कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने बैठक में “जल गंगा संवर्धन अभियान” की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान बताया गया कि अभियान के बेहतर संचालन और क्रियान्वयन के मामले में देवास जिला पूरे मध्य प्रदेश में 10वें स्थान पर है। कलेक्टर श्री सिंह ने अभियान के तहत जल स्रोतों के पुनरुद्धार सहित अभियान के तहत किए जा रहे अन्य कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चिन्हित किए गए कुएं, बावड़ी, तालाब और नदियों के संरक्षण कार्य को समय सीमा में पूरा करें।


         कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सुरेंद्र ठाकुर द्वारा विभागीय कार्यों में लापरवाही और उदासीनता बरती जा रही है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने उनकी दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


         बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि अपर तहसीलदार सोनकच्छ द्वारा चार प्रकरण, तहसीलदार टोंकखुर्द द्वारा चार प्रकरण, नायब तहसीलदार हाटपीपल्या द्वारा दो प्रकरण, अपर तहसीलदार देवास द्वारा दो प्रकरण, तहसीलदार सोनकच्छ, तहसीलदार उदयनगर एवं तहसीलदार खातेगांव द्वारा एक-एक प्रकरण लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत तय अवधि में निराकरण नहीं किए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने समय-सीमा पार कर चुके लंबित प्रकरणों पर संज्ञान लेते हुए प्रत्येक प्रकरण पर संबंधित अधिकारियों पर 250-250 अर्थदंड की कार्यवाही के निर्देश अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी को दिए। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत इन सभी संबंधित अधिकारियों पर नियमानुसार वित्तीय दंड लगाने की तत्काल कार्रवाई करें।


       समय-सीमा बैठक में बिना किसी पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद पंचायत सीईओ टोंकखुर्द को 02 दिन का वेतन काटने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही की जाएगी।


       बैठक के दौरान कलेक्टर ने एकल नल-जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी नल जल योजनाओं को अलग-अलग समय पर हैंडओवर नहीं कर माह में एक दिन सुनिश्चित कर नल-जल योजनाओं को हैंड ओवर करें। उन्होंने निर्देश दिए कि माह के प्रथम रविवार को जल अर्पण दिवस का स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजन कर योजना को हैंड ओवर करें।


        कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में पेयजल आपूर्ति और उससे संबंधित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद सीईओ से उनके क्षेत्र की एक-एक शिकायत की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पूर्व में दर्ज शिकायतों के निराकरण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेयजल से जुड़ी हर शिकायत का तत्काल निराकरण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।  कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि पेयजल व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए प्रतिदिन शाम के समय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) आयोजित की जाएगी। इस बैठक में दिनभर मिली शिकायतों और उनके निवारण की स्थिति की समीक्षा होगी।


कलेक्टर श्री सिंह ने गर्भवती महिलाओं में एएनसी पंजीयन की स्थिति की समीक्षा कर सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सीवियर एनेमिक गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन, गर्भवती महिलाओं में पी.आई.एच का प्रबंधन, टीवी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


कलेक्टर श्री सिंह ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि एग्रीस्टेग में किसानों के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली एवं एग्रीस्टेग में पंजीयन कराने में जिन पटवारियों द्वारा लापरवाही की गई, उनको शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी समय में फर्टिलाइजर, खाद व अन्य सामग्री इसी के माध्यम से मिलेंगे। किसानों को पंजीयन की प्रक्रिया की गति बढ़ाएं।

Post a Comment

0 Comments