रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स
देवास, 28 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के मुख्य आतिथ्य में प्रेस इनफॉरमेशन ब्यूरो (पीआईबी) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, भोपाल द्वारा विकसित भारत@2047, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) पर केंद्रित वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन देवास के खेड़ापति होटल में किया गया। इस अवसर पर पीआईबी भोपाल के निदेशक श्री मनीष गौतम, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्री तरुण सेन, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के व्याख्याता श्री परेश उपाध्याय, पीआईबी भोपाल के सहायक निदेशक श्री अजय प्रकाश उपाध्याय, संचालन सूचना और प्रसारण मंत्रालय के शाखा कार्यालय इंदौर के सहायक प्रचार अधिकारी श्री दिलीप सिंह परमार अन्य संबंधित तथा बड़ी संख्या में मीडिया बंधु उपस्थित थे।
मीडिया वार्तालाप में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा आम जन के हित में उनके कल्याण के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। यह योजनाएं कृषि, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, सिंचाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित की जा रही हैं। वार्तालाप जैसे कार्यक्रम मीडिया के माध्यम से इन योजनाओं और कार्यक्रमों की ज्यादा से ज्यादा जागृति पैदा कर आमजन के हित का काम करते हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ई-सेवा पोर्टल द्वारा आमजन को घर बैठे योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया जा रहा है। इसकी मोबाइल एप पर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। योजनाओं लाभ लेने के लिए आवेदन भी कर सकते हैं। इस सेवा पोर्टल के माध्यम से सब काम घर बैठे हो जाएंगे, आवेदकों को ऑफिसों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री राहत योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीएम राहत योजना महत्वपूर्ण योजना है। जिसमें पीड़ित मरीज को उपचार में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के मामलों में यह योजना घायल व्यक्ति के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है। उन्होंने राहवीर योजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। बताया कि शासन की इन योजनाओं से लोगों की जान बचाने में सहायक होती है। उन्होंने वार्तालाप में कार्यक्र में मीडिया बंधुओं को इस योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रचार करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने नरवाई प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पराली के संबंध में अधिक से अधिक किसानों को जागरूक करें। पराली जलाने से जमीन की उर्वरा क्षमता कम होती है। इसलिए कृषकगण पराली नहीं जलाएं। उन्होंने कहा कि जो भी पराली जलाते हुए पाए जाएंगे संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मीडिया शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में काफी सहायक होता है। मीडिया के पास हर प्रकार की जानकारी होती है, जिससे शासन-प्रशासन को कार्य करने में काफी मदद मिलती है।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि योजनाओं के विषय में सही जानकारी होना आमजन में उसके प्रति जागरूक होना सरकार के कार्यक्रमों और योजनाओं के लाभ की पहली सीढ़ी है। जागृति के माध्यम से ही हम इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं जिनके लिए सरकार हमेशा प्रयास करती रहती है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अपने स्वागत उद्बोधन में पीआईबी भोपाल के निदेशक श्री मनीष गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों का मीडिया के माध्यम से जागृति पैदा कर बड़े वर्गों को उनका लाभ देना ही इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन मध्य प्रदेश के विभिन्न अंचलों और जिलों में आयोजित किए गए हैं।
कार्यक्रम में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्री तरुण सेन ने कहा कि सरकार आम जन की कल्याण के लिए अनेक योजनाएं न सिर्फ बनाती है बल्कि उनका क्रियान्वयन भी करती है।इन योजनाओं की ठीक से जानकारी न होने के कारण अथवा जागृति की कमी के कारण बड़ी संख्या में आमजन इनका लाभ नहीं उठा पाते हैं।अतः समाज का अभिन्न अंग होने के नाते हमारा प्रयास होना चाहिए कि अपने प्रयासों से हम ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इन कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचा सके।
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में कृषि, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा आयुष्मान योजना, कृषि, कल्याण से संबंधित योजनाएं वीबी जी राम जी सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी दी ।
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के व्याख्याता श्री परेश उपाध्याय ने कम्युनिटी रेडियो के बारे में बताया ।उन्होंने कम्युनिटी रेडियो के लाभ और यह किस प्रकार से शुरू किया जा सकता है, इसके बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में पीआईबी भोपाल के सहायक निदेशक श्री अजय प्रकाश उपाध्याय ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय की विभिन्न मीडिया इकाइयों द्वारा जागरूकता से संबंधित किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया कार्यक्रम का संचालन सूचना और प्रसारण मंत्रालय के शाखा कार्यालय इंदौर के सहायक प्रचार अधिकारी श्री दिलीप सिंह परमार ने किया।



0 Comments