विंध्याचल अकादमी ने किया यातायात जागरूकता अभियान का आयोजन,नियमों का पालन करने वालों को गुलाब भेंट कर किया अभिनंदन

रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स 



देवास। सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय विंध्याचल अकादमी द्वारा 14 फरवरी 2026 को यातायात जागरूकता अभियान का प्रभावी आयोजन किया गया। इस अभियान में विद्यार्थियों ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ सहभागिता की। पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कार्यक्रम का संचालन मध्य प्रदेश पुलिस के यातायात विभाग के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यार्थियों ने शहर के विभिन्न यातायात सिग्नलों पर नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सिग्नल का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। अभियान की विशेष पहल यह रही कि जो वाहन चालक यातायात नियमों का पूर्ण पालन करते पाए गए, उन्हें विद्यार्थियों द्वारा गुलाब का फूल भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस सकारात्मक प्रोत्साहन से नागरिकों में विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने नियमों का निरंतर पालन करने का संकल्प भी लिया। विद्यालय के शिक्षकों पूनम महाजन, अजय आंधले, आलोक पांडे की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने हाथों में संदेश पट्टिकाएँ लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। अनेक नागरिकों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में अनुशासन एवं जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


विद्यालय प्रशासन ने बताते हुए हर्ष व्यक्त किया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना एवं नागरिक कर्तव्य की भावना विकसित करते हैं तथा शहर में सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करते हैं। यह अभियान शहर में यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक और सराहनीय प्रयास सिद्ध हुआ।



Post a Comment

0 Comments