(सेवा संकल्प अभियान)प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वडनगर से वाराणसी जा रहे सेवा संकल्प बाइक यात्रियों से किया वर्चुअल संवाद

रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स 



मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास के पुंजापुरा में बाइक यात्रियों के साथ सुना प्रधानमंत्री का उद्बोधन

बाइक यात्री श्री दीपेश गोटी ने साझा किए अनुभव; प्रधानमंत्री बोले- मध्यप्रदेश का मिजाज भी बदल रहा है

देवास, 24 सितम्बर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक विशेष बाइक यात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने यात्रा में शामिल बाइक राइडर्स से अलग-अलग स्थानों से वर्चुअली जुड़कर संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में  देवास जिले के बागली विकासखंड स्थित ग्राम पुंजापुरा में उपस्थित होकर सेवा संकल्प बाइक यात्रियों के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी का उद्बोधन सुना।


ग्राम पुंजापुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' के बाइकर श्री दीपेश गोटी से आत्मीय संवाद किया और यात्रा के खट्टे-मीठे अनुभवों के बारे में जानकारी ली। संवाद के दौरान शाजापुर के निवासी एवं कपड़ा व्यापारी श्री गोटी ने बताया कि 17 सितंबर को वडनगर से प्रारंभ हुई इस यात्रा के माध्यम से उन्हें न केवल बहुत कुछ सीखने को मिला, बल्कि जगह-जगह स्वच्छता तथा सघन पौधरोपण जैसे सेवा कार्य करने का सुअवसर भी प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान अन्य राज्यों के युवाओं से विभिन्न भाषाएं सीखने और उनकी समृद्ध संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिल रहा है।


जब प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूछा कि सेवा कार्यों के दौरान आमजन का जुड़ाव किस प्रकार हो रहा है, तब श्री दीपेश गोटी ने अवगत कराया कि यात्रा मार्ग में ग्रामीण, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग स्वतः ही जुड़ते जा रहे हैं। उन्होंने एक भावुक संस्मरण साझा करते हुए बताया कि रास्ते में प्रधानमंत्री आवास योजना की एक बुजुर्ग महिला हितग्राही से भेंट हुई, जिनका पक्का मकान बन चुका था। महिला ने अत्यधिक प्रसन्न होकर उन्हें अपने घर भोजन पर आमंत्रित किया तथा प्रधानमंत्री जी को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए ढेरों आशीर्वाद दिए। इसके अलावा, श्री गोटी ने बताया कि युवाओं एवं नागरिकों को संगठित करने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए जा रहे हैं, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को नमो ऐप से जोड़ा जा रहा है और साथ ही दैनिक सेवा कार्यों को साझा कर अन्य लोगों को भी सेवा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा वडनगर में स्थानीय स्तर पर संपर्क बढ़ाने संबंधी प्रश्न पूछे जाने पर श्री गोटी ने बताया कि वे एक कपड़ा व्यापारी हैं, इसलिए उन्होंने व्यापार विस्तार के उद्देश्य से वहां के स्थानीय व्यापारियों के संपर्क सूत्र भी जुटाए हैं। इस पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत सराहनीय कदम है, क्योंकि अब मध्यप्रदेश का मिजाज भी सकारात्मक रूप से बदल रहा है। प्रदेश के युवा अब गुजराती और मारवाड़ी समुदाय की भांति जहां भी जा रहे हैं, वहां स्वरोजगार और व्यापार के नए अवसरों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि मध्यप्रदेश युवा मोर्चा ने इस यात्रा में 'माय प्रॉमिस टू मोदी जी' का अनूठा नवाचार किया है, जिसके तहत 25 सेवा कार्यों की सूची में से प्रत्येक सेवा यात्री को किसी एक सेवा का संकल्प दिलाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कार्यक्रम के लिए आभार प्रदर्शन किया।


सेवा संकल्प बाइक यात्रा 17 सितंबर को वडनगर से वाराणसी के बीच निकाली जा रही है, जिसमें 250 बाइकों पर 500 सेवा यात्री सवार होकर विभिन्न राज्यों के अनेक जिलों व गांवों से गुजरते हुए वाराणसी पहुंचेंगे।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री (राज्यमंत्री) श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद श्री वी.डी. शर्मा, सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, बागली विधायक श्री मुरली भंवरा, विधायक खातेगांव श्री आशीष शर्मा, विधायक हाटपीपल्या श्री मनोज चौधरी, विधायक सोनकच्छ डॉ. राजेश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, श्री राय सिंह सेंधव, श्री राजीव खंडेलवाल, श्री बहादूर मुकाती, श्री राजेश यादव, श्री मनीष सोलंकी, संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, आईजी श्री राकेश गुप्ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारीगण, सेवा संकल्प बाइक यात्रीगण, गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments