रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स
चिकित्सा सेवा, ईश्वर की सेवा करने के बराबर- उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा
अमलतास विश्वविद्यालय में "दीक्षांत समारोह" का हुआ आयोजन
देवास। 03 अप्रैल 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 2014 के बाद से शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में देश ने बहुत तरक्की की है, अब यहां पर विदेशों से भी उपचार कराने के लिए लोग आते हैं। विदेशों की तुलना में देश में सस्ता और अच्छा उपचार मिल रहा है। यह हमारे लिए बड़े ही गौरव की बात हैं। उक्त बातें भारत सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने देवास के बांगर में स्थित अमलतास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कही। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा, विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार, विधायक श्री मनोज चौधरी, जिला अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव, अमलतास विश्वविद्यालय के संस्थापक श्री सुरेश भदौरिया, अमलतास विश्वविद्यालय के चेयरमेन श्री मयंक राज सिंह भदौरिया, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग अध्यक्ष डॉ. खेम सिंह डेहरिया, कुलाधिपति एवं कुलपति, श्री राजेश यादव, श्री भेरूलाल अटारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में युनिवर्सिटी के विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी कहते हैं कि सबका साथ-सबका विश्वास तथा सबका विकास हो। इसके लिए हम सभी को कार्य करना होगा और देश को आत्मनिर्भर बनाने में सभी का सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि जब भी सेवा क्षेत्र की बात आती है तो चिकित्सा क्षेत्र के बात आती है। चिकित्सा के क्षेत्र में आप लोग जीवन की दूसरी पारी प्रारंभ करने जा रहे हैं। आप अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरूआत करने जा रहे हैं। आज आप इस विश्वविद्यालय से जरूर विदा हो रहे हैं लेकिन आप यहां से डिग्री ही नहीं संस्कार, त्याग का भाव, समर्पण का भाव, सेवा का भाव लेकर भी समाज में जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी सपना लेकर चल रहे है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उस सपने को साकार करने में हमें भी मिलकर कार्य करना है। समाज का विकास करना तथा समाज को स्वस्थ्य भी रखना है। देश को स्वस्थ्य रखने में भी योगदान देना है और 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसमें हमारी युवा शक्ति हमारी प्रमुख ताकत है। उसे आगे बढ़कर काम करना है तथा भारत को विकसित भारत बनाना है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में सन 2020 में नशा मुक्त भारत अभियान प्रारंभ किया गया था। यह एक जन अभियान बन गया, जिसमें करोड़ों की संख्या में लोग जुड़ रहे हैं। इस अभियान में देश भर में कई गतिविधियां आयोजित की जा रही है। नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से नागरिक जागरूक हो रहे हैं तथा यह अब सफल भी हो रहा है तथा लोग से प्रेरित होकर नशा करना छोड़ रहे हैं। देवास के अमलतास अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र बनाया गया है, जिसमें देवास जिले के ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के लोग भी आकर उपचार करवा रहे हैं। यहां नशा मुक्ति के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। यहां पर डिसेबल बच्चों के लिए स्कूल संचालित कर उन्हें शिक्षित किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सभी को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है। चिकित्सा के क्षेत्र में देश नई ऊंचाईयां प्राप्त कर रहा है। देशभर में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। इन मेडिकल कॉलेज में शिक्षा प्राप्त करके डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी कहते हैं कि हमें “सबका साथ-सबका विकास” को ध्यान में रखकर कार्य करना है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में चिकित्सा के क्षेत्र में सस्ती और अच्छी चिकित्सा सेवा भारत में दी जा रही है। भारत में चिकित्सा सेवा का लाभ लेने के लिए लोग विदेशों से आ रहे हैं। यह गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आप इस क्षेत्र जा रहे है तो स्वास्थ्य सेवा में उल्लेखनीय कार्य करें। आपकी स्वास्थ्य सेवाएं ऐसी होने चाहिए की लोग आपको, आपके माता-पिता को तथा जहां से पढ़ाई की है उसका नाम गर्व से लें। उन्होंने कहा कि डॉक्टर मरीज के लिए भगवान का रूप होता है। आप स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से समाज में अच्छे कार्य करें। आपके व्यवहार से ही मरीज 50 प्रतिशत स्वस्थ हो जाना चाहिए। यह डिग्री ही नहीं बड़े कार्यों का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जनऔषधी केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, जिनमें सस्ती और अच्छी दवाईयां मिल रही है। देश भर में 18 हजार से अधिक जनऔषधी केंद्र खोले गए है, जिनका मरीज लाभ ले रहे हैं। अमलतास युनिवर्सिटी में भी सेवा का भाव झलक रहा है, यहां अगर कोई मरीज आता है और उसके पास पैसे कम पड़ गए है तो भी उसका उपचार किया जा रहा है। यह भी एक मानव सेवा है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि अमलतास विश्वविद्यालय के इस दीक्षांत समारोह में आकर में गौरांवित महसूस कर रहा हूं। मैं आज आप सभी को इसके लिए विशेष शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। आज आप जीवन के दूसरे पड़ाव पर पहुंच गए है। यहां से आपको बेहतर स्वास्थ्य सेवा देना का संकल्प लेकर जाना है और समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाना है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि अमलतास मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ वर्ष 2016 में हुआ तब से आज तक दिन-ब-दिन यह लगातार चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाईयां प्राप्त कर रहा है। अब तक यहां 01 हजार से अधिक एमबीबीएस डॉक्टर बने है। इसके साथ ही बीएचएमएस, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टॉफ सहित अन्य चिकित्सा क्षेत्र की पढ़ाई के विद्यार्थियों ने चिकित्सा के क्षेत्र में आगे कदम बढ़ाया है। अब यह विश्वविद्यालय हो गया है। इस अमतलास विश्वविद्यालय के शुरू होने से इसका नाम पूरे प्रदेश में हो रहा है। यहां पर अन्य जिलों के विद्यार्थी भी पढ़ाई करने आ रहे हैं। यहां पर पढ़ने वालों विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां चिकित्सा के साथ समाज सेवा का भी कार्य किया जा रहा है। यहां सेवा, समर्पण और विश्वास के साथ कार्य किया जा रहा है। यहां पर इंदौर के नागरिक भी उपचार कराने के लिए आ रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि आज इस दीक्षांत समारोह में पीजी की डिग्री लेने वाले, ग्रेज्एशन की डिग्री लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं देता हूं तथा आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि आप स्वास्थ्य सेवा देना- मानव सेवा का सबसे बड़ा धर्म है और आप अच्छे से मरीजों का उपचार करें। आपके पढ़ाने में आपके माता-पिता ने बहुत संकट झेला है, अब आपको और अच्छा करके दिखाना है।
कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने संबोधित करते हुए कहा कि आज इस दीक्षांत समारोह में आकर बहुत हर्ष और गर्व हो रहा है। मैं इन सभी विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे यह देखने में आ रहा है कि यहां पर विद्यार्थियों में उत्साह तो है साथ ही उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक आएं हैं। आज उन माता-पिता के लिए बड़े ही गौरव की बात है कि उनके बेटा-बेटी डॉक्टर बन गए हैं और आज से वे जीवन के उच्च मुकाम के लिए आगे बढ़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता की इच्छा होती है कि उनके बेटा-बेटी आगे बढ़े और जीवन में तरक्की करें।
उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मैं उन सभी माता-पिता को हृदय से धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए स्वास्थ्य की सेवा का क्षेत्र चुना है। मैं सभी सेवा क्षेत्र के चिकित्सों से एक अपील करता हूं कि आपको ईश्वर ने बड़ा काम दिया है। डॉक्टरों से जब स्वास्थ्य सेवा मिलती है तो मरीज और उनके परिवारजन आपको ईश्वर का दूसरा रूप मानते हैं। आपका आचरण और व्यवहार अच्छा होना चाहिए। अगर आपका व्यवहार अच्छा है तो मरीज आधा ठीक हो जाता है। उसके मन में विश्वास जाग जाता है। आपने सेवा का काम चुना है। इस काम में आप सेवाभाव से काम करें। पुन: आप सभी को आपके जीवन की नई पारी के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
कार्यक्रम में देवास विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार, हाटपीपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी, जिला अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग अध्यक्ष डॉ. खेम सिंह डेहरिया ने भी संबोधित करते हुए सभी नव चिकित्सकों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की शुरूआत में राष्ट्र गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। दीक्षांत समारोह में नव चिकित्सकों को डिग्री एवं मेडल प्रदान किए गए।





0 Comments