घरेलू सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्टोरेंट में नहीं हो इसके लिए एसडीएम, तहसीलदार लगातार जांच कार्यवाही करें

रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स 


कर्मिशयल सिलेंडर का उपयोग में कमी कर ईंधन आवश्यकता की पूर्ति करने के लिए वैकल्पिक ईंधन आपूर्ति/स्रोतों का उपयोग करने की सलाह दें

जनगणना कार्य के लिए नियुक्त सभी चार्ज अधिकारी एक्टिव होकर कार्य करें

 “जल गंगा संवर्धन अभियान” 19 मार्च से होगा शुरू, सभी विभाग लक्ष्य बनाकर कार्य करें-कलेक्टर श्री सिंह

कोऑपरेटिव बैंक से एक भी लोन स्वीकृत नहीं करवाने पर कृषि अभीयंत्री डीएस दलोदिया को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए

कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित

देवास, 10 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव कुमार जैन, एसडीएम देवास श्री अभिषेक शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री आनंद मालवीय सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।


बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान में चिकित्सालय एवं शैक्षणिक संस्थाओं के अलावा किसी और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं (होटल, मॉल, बल्क एलपीजी का उपयोग करने वाले औद्योगिक क्षेत्र, फैक्ट्री आदि) को कमर्शियल एलपीजी (बल्क एंड पैक्ड) की सप्लाई नहीं की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम और जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि एलपीजी वितरकों के साथ नियमित रूप से बैठक का आयोजन कर वाणिज्यिक और घरेलू सिलेंडर की स्टॉक की उपलब्धता की समीक्षा करें। जिले में कमर्शियल सिलेंडर उपयोग करने वालों को सिलेंडर का उपयोग में कमी कर उनकी ईंधन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वैकल्पिक ईंधन आपूर्ति/स्रोतों का उपयोग करने की सलाह दी जाये। यह सुनिश्चित किया जाये कि वितरक स्तर पर एलपीजी सिलेंडर की कोई जमाखोरी और कालाबाजारी न हो। घरेलू सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्टोरेंट में नहीं हो इसके लिए एसडीएम, तहसीलदार लगातार जांच कार्यवाही करें। सप्लायर बल्क में किन-किन उपयोगकर्ता को कॉमर्शियल सिलेंडर देते है, इसकी लिस्ट भी बनाए।


 


           बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने जनगणना कार्य संबंधी निर्देश देते हुए कहा कि सभी चार्ज अधिकारी एक्टिव होकर कार्य करें। सारा काम ऑनलाइन होगा इसलिए जनगणना कार्य में एक्टिव और युवा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए, जिनकी ड्यूटी लगाई गई है वो ऑनलाइन एंट्री करने में सक्षम है या नहीं इसका परीक्षण कर लें। सभी एसडीएम सभी को बुलाकर बैठक लें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि उन कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं लगाए जो 2027 जून के पहले सेवानिवृत्त हो रहे है। सभी एसडीएम जनगणना के लिए 15 मार्च तक मकान सूचीकरण के लिए ब्लॉक बनाने का कार्य कर लें। चार्ज अधिकारियों को जनगणना के संबंध में 11 और 12 मार्च को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान बताया गया कि जनगणना कार्य के संबंध में 25 मार्च से फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। दिनांक 01 मई से हाउस लिस्टिंग का कार्य शुरू हो जाएगा। सभी चार्ज अधिकारी जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करें।


           कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने कहा कि 19 मार्च से “जल गंगा संवर्धन अभियान” शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत सभी संबंधित विभाग लक्ष्य बनाकर कार्य करें।  अभियान में जल निकायों का गहरीकरण, साफ़-सफाई, जल संचय संरचनाओं की मरम्मत और रेनवॉटर हार्वेस्टिंग पर जोर दिया जाए।  अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों की हर सप्ताह टीएल बैठक में समीक्षा की जाएगी।


      कलेक्टर श्री सिंह ने समग्र ई-केवाईसी प्रगति की जनपद पंचायत वार एवं निकाय वार समीक्षा कर निर्देश दिए कि समग्र ई-केवाईसी का कार्य शीघ्र पूर्ण करें। कलेक्टर श्री सिंह ने भूमि आवंटन प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र लंबित भूमि आवंटन प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने तहसीलवार राजस्व वसूली की समीक्षा कर राजस्व वसूली लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम मॉनिट, सीएम हाउस एप्लिकेशन की समीक्षा कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।


  कलेक्टर श्री सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि आगामी वर्ष में प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं के परीक्षा सेंटर नहीं बनाए। इस वर्ष जिन-जिन स्कूलों में पर नकल के प्रकरण बने हैं उन स्कूलों को भी परीक्षा सेंटर नहीं बनाएं। कलेक्टर श्री सिंह ने बैंकों द्वारा स्वीकृत कृषि एवं अकृषि ऋण की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने किसानों को कृषि उपकरण के लिए कोऑपरेटिव बैंक से एक भी लोन स्वीकृत नहीं करवाने पर कृषि अभियंत्री डीएस दलोदिया को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने केसीसी कार्ड वितरण की समीक्षा कर शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का केसीसी कार्ड बनाने के निर्देश दिए।


कलेक्टर श्री सिंह ने क्षीरधारा ग्राम योजना की विस्तृत समीक्षा कर सभी संबंधित विभागों को योजना के तहत कार्य योजना बनाकर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि अधिकारी को निर्देश दिए किसानों को मूंग से उड़द की और शिफ्ट होने के लिए प्रेरित करें। किसानों को शासन द्वारा उड़द फसल पर 600 प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है। नरवाई प्रबंधन की समीक्षा कर निर्देश दिए कि किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए जागरूक करें। हार्वेस्टर वालों को नरवाई प्रबंधन के लिए स्ट्रारीपर का उपयोग करना अनिवार्य किया गया है। सभी एसडीएम-तहसीलदार अपने क्षेत्र में आदेश का पालन करवाना सुनिश्चित करें।

Post a Comment

0 Comments