लाल गेट के राजा का तीन दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 6 7 8 जून को

पंडित रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स 

देवास। संस्था सिद्धि विनायक द्वारा सयाजी द्वार (लाल गेट) पर प्राचीन मृत्युंजय महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार कर नवनिर्मित मंदिर के गर्भगृह में भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। संस्था सिद्धिविनायक के संयोजक व नगर निगम सभापति रवि जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान श्री गजानन गणपति जी (सपरिवार), भगवान शिव जी (सपरिवार), भगवान श्री राधाकृष्ण जी, के नूतन विग्रह की पूर्ण विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस तीन दिवसीय आयोजन के अंतर्गत प्रथम दिवस 6 जून को प्रातः 9 बजे से 1 बजे तक तथा दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक दशविधि स्नान, प्रायश्चित कर्म, गणेश पूजन, अन्य देव आवाहन, स्थापन, जलाधिवास होगा तथा शाम 07.30 बजे से प्रसिद्ध भजन गायक जय्यू महाराज इंदौर की भव्य भजन संध्या होगी। द्वितीय दिवस 7 जून को प्रातः 9 बजे से 1 बजे तक तथा दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक स्थापित देवताओं का पूजन हवन व अन्य संस्कार होंगे। 


शाम 07.30 बजे से प्रसिद्ध भजन गायक शुभम राणा की भजन संध्या होगी। तृतीय दिवस 8 जून को प्रातः 8 बजे से स्थापित देवताओं का पूजन हवन प्राण प्रतिष्ठा होगी। दोपहर 12.00 बजे देवताओं की स्थापना, एवं पूर्णाहुति होगी। पूर्णाहुति के पश्चात प्रथम दर्शन की महाआरती होगी। महाआरती के पश्चात दोपहर 12.30 बजे से भोजन प्रसादी भंडारे का आयोजन रखा गया है। संस्था सिद्धिविनायक की संरक्षक श्रीमंत गायत्री राजे पवार विधायक देवास ने समस्त श्रद्धालुओं से उक्त समस्त कार्यक्रमों में सपरिवार सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया है।

स्थान-लाल गेट के राजा  
संस्था सिद्धि विनायक लाल गेट देवास

Post a Comment

0 Comments