पंडित रघुनंदन समाधिया प्रधान संपादक मां भगवती टाइम्स
विदेशी धरती पर राज्यमंत्री स्तर के नेता करते थे हमारे पीएम का स्वागत, अब देशों के राष्ट्रपति करते हैं मोदी जी का सम्मान : सांसद सोलंकी
बूथ सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से मिशन 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसें कार्यकर्ता : जिलाध्यक्ष खंडेलवाल
भारतीय जनता पार्टी देवास जिले की बैठक संपन्न, महाजनसंपर्क अभियान को लेकर बनाई गई कार्ययोजना
देवास। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की 9 वर्ष को पूर्ण होने पर 30 मई से 30 जून तक चलाए जाने वाले महा जनसंपर्क अभियान की तैयारियों को लेकर पार्टी की जिला इकाई की आवश्यक बैठक जिला मुख्यालय स्थित होटल रामाश्रय आयोजित की गई। उक्त जानकारी देते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी व सह मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने संयुक्त रूप से बताया कि जिला स्तरीय बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा मुख्य अतिथि थे।
विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश प्रवक्ता व देवास संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। बैठक का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। आलोक शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 15 माह की कांग्रेस सरकार का नेतृत्व कर चुके कमलनाथ ने अपने चुनावी घोषणापत्र पर जनता के साथ किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। 2018 में सरकार बनाने के साथ कहा था कि किसानों का हम दो लाख तक का कर्ज माफ करेंगे, बेरोजगारों को रोजगार भत्ता देंगे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया।
अब प्रदेश में सत्ता के लिए फिर से लालायित हो रहे कमलनाथ नारी सम्मान योजना के माध्यम से फार्म भरवाकर झूठ बोलने का काम कर रहे हैं। महिलाओं को 1500 रुपए, गैस सिलेंडर 500 रुपए में देंगे, यह घोषणाएं झूठी हैं। यह राजनीतिक वोट हथियाने का षड्यंत्र रचकर तुष्टीकरण की नीति कर रहे हैं। हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की महिलाओं के लिए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्तिकरण की मजबूती के लिए लाडली बहना योजना को प्रारंभ किया है। जिले से महिलाओं ने फार्म भरे हैं जिसका लाभ भी जून से उन्हें मिलना प्रारंभ हो जाएगा। हमारी सरकार महिला, किसान, युवा, एवं आम जनहितैषी सरकार है, जो सबके विकास के लिए सोचती है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि मिशन 2023 विधानसभा चुनाव का समय मोड़ पर खड़ा है। हम सब कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए अपने बूथ को मजबूती देते हुए भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाने के लिए जनता के बीच पहुंचकर उनसे संवाद स्थापित करें और केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाकर अपनी ताकत को मजबूती देते हुए भाजपा को मजबूत करें। साथ ही कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ जनता के सामने उजागर करें। इसके पूर्व पार्टी जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि देवास जिले के सभी मंडलों के शहरी एवं ग्रामीण अंचलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पीएम नरेंद्र मोदी की विशेष उपलब्धियों को लेकर जनता तक पहुंचेंगे और उनका प्रचार-प्रसार भी करेंगे। वहीं प्रदेश सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं को भी जनता के सामने रखेंगे जिसकी तैयारियों को लेकर यह बैठक आयोजित की गई है।
उन्होंने बताया कि इस महा अभियान में सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ सभी जनप्रतिनिधि जिला एवं मंडल इकाइयों के पदाधिकारी स्थानीय समितियों के कार्यकर्ताओं की विशेष जिम्मेदारी है कि इस अभियान को सर्वव्यापी बनाने के लिए एकजुट होकर महाअभियान को गति प्रदान करें। साथ ही श्री खंडेलवाल ने कहा कि 2023 के चुनाव का आगाज हो चुका है और हमें मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि महाजनसंपर्क अभियान एक अनूठा कार्यक्रम है, जो केन्द्रीय नेतृत्व ने दिया है। इसी के तहत 22 और 23 मई को मंडलों की बड़ी बैठकें होंगी। इसके बाद 26 मई को शक्ति केंद्रों की बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं 28 मई को मन की बात कार्यक्रम के साथ 30 मई से महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे।
भाजपा देवास जिला संगठन प्रभारी मधु वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाजनसंपर्क अभियान के माध्यम से केन्द्र व राज्य की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर उसका लाभ दिलाएं। साथ ही जिले में संगठनात्मक रूप से बूथ व शक्ति केंद्रों को और मजबूत कर पार्टी हित में काम करें। खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने भी बैठक को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं देवास संसदीय क्षेत्र के महेंद्र सिंह सोलंकी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 30 मई से 30 जून तक चलाए जा महा जनसंपर्क अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता केंद्र सरकार की विकास जन कल्याण योजनाओं को जनता तक पहुंचा कर उन्हें लाभ दिलाएं। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले हमारे प्रधानमंत्री विदेश जाते थे तो उन्हें रिसीव करने राज्यमंत्री स्तर के नेता आते थे।
जबसे हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की कमान संभाली है और हमने हाल ही में देखा है कि विदेश दौरे के दौरान देश के प्रमुख पदों पर बैठे नेता और राष्ट्रपति उन्हें रिसीव करने आते हैं। कोविड जैसी महामारी के दौर में भी भाजपा का कार्यकर्ता सड़कों पर नजर आ रहा था और लोगों की सेवा की, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता नदारद थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कई भाजपा कार्यकर्ताओं के झूठे प्रकरण दर्ज कर मकान तुड़वाए हैं, किंतु भाजपा सरकार आने के बाद भाजपा सरकार ने एक भी कांग्रेसी कार्यकर्ता के मकान पर बुलडोजर नहीं चलवाया। हां इतना जरूर है कि भाजपा सरकार ने अन्याय, अत्याचार व दुराचारी व्यक्तियों को नहीं छोड़ा है। कांग्रेस के पास झूठ बोलने के सिवाय कोई नीति नहीं है और झूठ की राजनीति करती है।
महिलाएं इस बात के लिए समझदार हैं कि हमारी चिंता कौन सरकार कर सकती है और नारी शक्ति योजना भी महिलाओं के साथ झूठ बोल कर उनको भ्रमित कर रही है। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि महा जनसंपर्क अभियान को अमलीजामा पहनाकर सर्वव्यापी और सर्व स्पर्शी बनाकर योजनाओं को जनता तक ले जाएं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव का समय कुछ समय ही शेष हैं।
जिले की पांचों विधानसभाओं पर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिले इसके लिए कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर महा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाएं। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं उज्जैन संभाग संगठन के प्रभारी आलोक शर्मा, देवास जिला संगठन प्रभारी मधु वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, देवास संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सोलंकी, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, हाटपिपल्या विधायक मनोज चौधरी, बागली विधायक पहाड़ सिंह कन्नौजे, देविप्रा अध्यक्ष राजेश यादव, महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, निगम अध्यक्ष रवि जैन, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती माया पटेल, पूर्व विधायक सुरेंद्र वर्मा, पूर्व महापौर शरद पाचुनकर, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, जिला महमंत्री पोपेंद्रसिंह बग्गा, मनीष सोलंकी एवं अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पंकज वर्मा ने किया तथा आभार मनीष सोलंकी जिला महमंत्री ने माना।
0 Comments