कांग्रेस ने हमेशा से बाबा साहब का अपमान किया,राहुल गांधी द्वारा विदेश में की गई टिप्पणी को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक सोनकर ने कहा

पंडित रघुनंदन समाधिया : प्रधान संपादक : मां भगवती टाइम्स

देवास। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा आरक्षण पर की गई टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यालय देवास में सोमवार, 23 सितंबर 2024 को एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस वार्ता में भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला किया और उन्हें संविधान विरोधी करार दिया। कार्यक्रम को मुख्य रूप से सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर और भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने संबोधित किया।

सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर के खिलाफ चुनाव लड़कर न केवल उन्हें हराया, बल्कि उनके प्रतिद्वंद्वी को पद्म पुरस्कार देकर जले पर नमक छिड़कने का काम किया। सोनकर ने कहा, "कांग्रेस पार्टी ने 57 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन इस दौरान उसने कभी भी सामाजिक न्याय को प्राथमिकता नहीं दी। कांग्रेस ने संविधान के मूलभूत आरक्षण सिद्धांतों को सही भावना और रूप में लागू करने की कभी राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं दिखाई।"

सोनकर ने आगे कहा कि 1956 में काका कालेलकर रिपोर्ट, जो पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की अनुशंसा करती थी, उसे जवाहरलाल नेहरू ने खारिज कर दिया था। नेहरू ने 1961 में मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर कहा था कि आरक्षण से अक्षमता और दोयम दर्जे का मानक पैदा होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू ने डॉ. अंबेडकर को चुनाव में हराने और उनके सामाजिक-राजनीतिक जीवन को समाप्त करने की साजिश रची। सोनकर ने धारा 370 और 35ए के खात्मे को लेकर कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर के अनुसूचित जाति वर्ग को 70 साल बाद न्याय और सम्मान मिला है, और यह कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हो पाया।

भाजपा जिला अध्यक्ष खंडेलवाल ने साधा निशाना

भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने राहुल गांधी की शिमला में की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस का इतिहास आरक्षण, संविधान और डॉ. अंबेडकर विरोधी रहा है। खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान आरक्षण हटाने की बात कही थी, और यह वही सोच है जिसे राहुल गांधी का परिवार नेहरू के जमाने से बढ़ावा देता आ रहा है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती भेरूलाल अटरिया, देवास विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव, जिला महामंत्री मनीष सोलंकी, पंकज वर्मा, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय दायमा, और जिला मीडिया सह प्रभारी कमल अहिरवार मौजूद थे। उक्त जानकारी भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी ।



Post a Comment

0 Comments